सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के नवनिर्मित भवन ‘पं0 दीन दयाल उपाध्याय सूचना परिसर’ का लोकार्पण

224

लखनऊ, मुख्यमंत्री ने यह विचार आज यहां पं0 दीन दयाल उपाध्याय जी की जयन्ती पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के नवनिर्मित भवन ‘पं0 दीन दयाल उपाध्याय सूचना परिसर’ के लोकार्पण के अवसर पर व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के कार्याें को आमजन तक पहुंचाने का कार्य सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा किया जाता है। यह विभाग शासन व प्रशासन तथा आमजन के बीच में सेतु का कार्य करता है।

सूचना विभाग का दायित्व है कि शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाए, जिससे अधिक से अधिक प्रदेशवासी उनसे लाभान्वित हो सकें। महान देशभक्त और अन्त्योदय के प्रणेता के नाम पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के नवीन भवन का नामकरण किये जाने के लिए बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि यह भवन पं0 दीन दयाल उपाध्याय की भावना और व्यक्तित्व के अनुरूप है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकतंत्र की ताकत संवाद है।

लोकतंत्र की ताकत संवाद है। लोकतंत्र को इसीलिए शासन की सबसे अच्छी प्रणाली माना जाता है, क्योंकि संवाद के माध्यम से बड़ी से बड़ी समस्या का समाधान सम्भव है। संवाद के माध्यम से संघर्ष को टाला जा सकता है। मीडिया संवाद का सशक्त माध्यम है। इस माध्यम को और सुदृढ़ किये जाने की आवश्यकता है। इसके दृष्टिगत उन्होंने नवनिर्मित पं0 दीन दयाल उपाध्याय सूचना परिसर में मीडिया कर्मियों को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त डिजिटल प्लेटफार्म उपलब्ध कराने पर बल देते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के मीडिया कर्मियों को 05 लाख रुपये तक के उपचार हेतु स्वास्थ्य बीमा तथा कोविड-19 के संक्रमण से दुर्भाग्यवश निधन की स्थिति में दिवंगत मीडिया कर्मी के आश्रितों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी।



मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की लोकल को वोकल की संकल्पना के अनुसार स्थानीय उत्पादों की ब्राॅण्डिंग की जानी चाहिए। इसे ध्यान में रखते हुए इस नवनिर्मित भवन में ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ योजना के उत्पादों को डिस्प्ले किया जाना चाहिए।

‘एक जनपद, एक उत्पाद’ योजना आत्मनिर्भर भारत पैकेज का आधार बन सकती है। उन्होंने कहा कि लोक भवन में ओ0डी0ओ0पी0 के उत्पादों को डिस्प्ले किया गया है। राज्य सरकार के सभी भवनों में इस तरह के डिस्प्ले की व्यवस्था की जानी चाहिए।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि पं0 दीन दयाल उपाध्याय जी के एकात्म मानववाद और अन्त्योदय की संकल्पना को साकार करने का कार्य प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास तथा सबका विश्वास’ ही वर्तमान में अन्त्योदय का वास्तविक स्वरूप है। उन्होंने सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के नवीन भवन का निर्माण तय लागत से कम धनराशि व समय में पूर्ण होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

उप मुख्यमंत्री डाॅ0 दिनेश शर्मा ने सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के नवीन भवन ‘पं0 दीन दयाल उपाध्याय सूचना परिसर’ के लोकार्पण पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नवीन भवन राज्य सरकार की उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार में उपयोगी सिद्ध होगा।

कार्यक्रम के दौरान अपने विचार व्यक्त करते हुए विधान परिषद सदस्य श्री स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि गांव, गरीब, किसान के उत्थान के सपने को प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री द्वारा पूरा किया जा रहा है। केन्द्र व राज्य सरकारें आखिरी पायदान के लोगों के लिए छत, शौचालय, शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का कार्य कर रही हैं।

कार्यक्रम के अन्त में, अपर मुख्य सचिव सूचना अवनीश कुमार अवस्थी ने अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने पं0 दीन दयाल उपाध्याय जी की जयन्ती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि पंडित जी की संकल्पना अन्तिम व्यक्ति के उत्थान की थी। सूचना तंत्र भी अन्तिम व्यक्ति तक सूचना पहुंचाने का कार्य करता है।उन्होंने कहा कि सूचना विभाग मुख्यमंत्री जी के निर्देश के अनुरूप मीडिया के लिए अत्याधुनिक तकनीक से युक्त सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

‘एक जनपद, एक उत्पाद’ योजना के उत्पादों को नवनिर्मित भवन में प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के अन्तिम पायदान के व्यक्ति को आगे ले जाने में योगदान कर उत्तर प्रदेश को नम्बर एक राज्य बनाना ही हमारा उद्देश्य है। इस अवसर पर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, जल शक्ति मंत्री डाॅ0 महेन्द्र सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव आर0के0 तिवारी, निदेशक सूचना शिशिर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।