पंचायत चुनाव के लिए भाजपा ने तय की रणनीति

85

पंचायत चुनाव के लिए भाजपा ने तय की रणनीति, ऐसे होगा प्रत्याशियों का चयन।

लखनऊ । त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा 3051 जिला पंचायत वार्ड प्रत्याशियों के साथ ही 826 ब्लाक प्रमुख पद के लिए प्रत्याशी उतारेगी। राज्य की भाजपा सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर पार्टी 19 मार्च से लेकर 26 मार्च तक कार्यक्रमों व अभियानों के माध्यम से जन-जन तक पहुंच कर सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करेगी व समारोह आयोजित किए जाएंगे। प्रत्याशियों को तय करने के तरीकों पर भी मंथन हुआ। सूत्रों के अनुसार तय किया गया कि प्रदेश, क्षेत्रीय और जिला पदाधिकारी पंचायत चुनाव नहीं लड़ सकेंगे। यदि वह चुनाव लड़ना चाहते हैं उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना होगा।

प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दौरान पार्टी के आगामी कार्यक्रमों व अभियानों के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। कहा कि भाजपा आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 3051 जिला पंचायत वार्ड प्रत्याशी घोषित करेगी। इसके साथ ही 826 ब्लाक प्रमुख पद पर पार्टी चुनाव लड़ेगी। पंचायत चुनाव में वार्ड स्तर पर हर मतदाता से व्यक्तिगत सम्पर्क कर मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का काम करना है। पार्टी के युवा, महिला, अनुसूचित एवं पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ता प्रत्येक जिला पंचायत वार्ड में कार्यक्रम आयोजित करेंगे। प्रत्येक जिला पंचायत वार्ड पर पार्टी एक बड़ी सभा आयोजित करेगी।

सरकार के चार साल पर 19 से 26 मार्च तक पूरे प्रदेश में कार्यक्रम
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर पार्टी 19 मार्च से लेकर 26 मार्च तक विभिन्न कार्यक्रमों व अभियानों के माध्यम से जन-जन तक पहुंच कर सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करेगी व समारोह आयोजित किए जाएंगे। 19 मार्च को प्रदेश भाजपा सरकार के 4 वर्ष पूरा होने पर लखनऊ में समारोह आयोजित किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में सरकार की 4 साल की उपलब्धियों का सिंहावलोकन होगा। 19 मार्च को ही प्रदेश के अन्य सभी 74 जिलों में भी समारोह आयोजित किए जाएंगे। जिसमें प्रदेश भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शनी, सेमिनार तथा अन्य माध्यमों से जनसामान्य तक पार्टी पहुंचेगी। 19 से 26 मार्च तक आयेाजित होने वाले कार्यक्रमों के दौरान प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जहां पार्टी के विधायक नहीं वहां सांसद या राज्यसभा सदस्यों के नेतृत्व में कार्यक्रम होंगे।

सभी ब्लाकों पर होंगे किसानों से संबंधित कार्यक्रम

पार्टी सभी 826 ब्लॉक पर किसानों से संबंधित कार्यक्रम आयोजित करेगी। जिनमें किसान कल्याण से संबंधित योजनाएं किसानों के बीच साझा की जाएंगी। साथ ही नगर निकायों में आत्मनिर्भर भारत आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश विषय पर उद्योगों को प्रोत्साहन के लिए किए गए सरकार के कार्यों को साझा किया जाएगा। साथ ही 3051 जिला पंचायत वार्डों में युवाओं के कार्यक्रम आयोजित होंगे। पार्टी के 1918 संगठनात्मक मंडलों पर महिलाओं के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 06 अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस पर पार्टी कार्यकर्ता अपने घरों पर झंडा लगाएगें व 14 अप्रैल को बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर जी की जयन्ती पर बस्तियों में सेवा कार्यों से जुडेंगे। पार्टी आगामी कार्ययोजना के केन्द्र में सक्षम मंडल, सक्रिय बूथ समिति और पन्ना प्रमुख होंगे।

पंचायत चुनाव के लिए नये मतदाता सूची से पन्ना प्रमुख बनाएगी भाजपा

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दौरान बूथ कमेटी और पन्ना प्रमुख पर अधिक बल दिया गया। जिले से लेकर मंडल स्तर तक के पदाधिकारियों को गांवों में बैठकें करने को कहा गया। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बूथों पर पीएम के मन की बात कार्यक्रम को सुनने का कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। जिले के पदाधिकारियों से कहा कि पंचायत चुनाव को ध्यान में रखते हुए नये मतदाता सूची से पन्ना प्रमुख बनाएं।

उन्होंने कहा कि पार्टी का फैसला है कि जिले के पदाधिकारी महीने में एक बार जिले में किसी गांव में जरूर बैठें। मंडल के महामंत्री महीने में दो बार और मंडल के पदाधिकारी कम से कम एक बार गांव में बैठक करें। सेक्टर स्तर पर महीने में दो बैठकें किया जाना अनिवार्य है। बूथ स्तर पर बूथ प्रभारी महीने में हर हाल में दो बैठकें करें। बूथों पर पीएम के मन की बात सुनने का कार्यक्रम किया जाए तो और भी अच्छा रहेगा। सक्रिय बूथ की परिभाषा बताते हुए उन्होंने कहा कि सक्रिय बूथ पर छह कार्यक्रम अनिवार्य हैं। इन बूथों पर पीएम के मन की बात भी सुनी जानी चाहिए।

बूथ समितियों को दिए गए छह कार्यक्रम
प्रदेश अध्यक्ष ने बूथ समिति को छह कार्यक्रम दिए। यह छह कार्यक्रम आयोजित किया जाना अनिवार्य किया गया है। इनमें 06 अप्रैल को पार्टी का स्थापना दिवस, 14 अप्रैल को डा. भीमराव अंबेडकर की जयंती, 23 जून को श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस, 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती, 25 दिसंर को स्व. अटल जी की जयंती तथा 11 फरवरी 2021 को समर्पण दिवस कार्यक्रम को शामिल किया गया है।