योगी राज में अपराधी कर रहे सरेंडर-बृजेश पाठक

84

योगी राज से भय खाकर अपराधी गले में तख्ती लगाकर सरेंडर कर रहे ।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की विधान परिषद में आज उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। लोग योगी सरकार की कानून-व्यवस्था को नजीर मान रहे हैं। इससे प्रेरित होकर अन्य राज्यों में भी बुल्डोजर चल रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा अपराधियों की अवैध रूप से कमाई गई संपत्ति को जब्त किया गया। इससे जनता में विश्वास की भावना जागृत हुई है।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आज योगी राज से भय खाकर अपराधी गले में तख्ती लगाकर सरेंडर कर रहे हैं और स्वयं ही गिरफ्तारी की गुहार लगा रहे हैं। आज माफियाओं से जो जमीन मुक्त कराई जा रही है, उस पर गरीबों का आशियाना बन रहा है। उन्होंने सपा की तरफ इशारा करते हुए कहा कि जो लोग माफियाओं के दम पर अपनी सरकारें चलाते थे, सत्ता पर कब्जा करते थे, उनको दर्द हो रहा है।श्री पाठक ने कहा कि प्रदेश में जब-जब समाजवादी पार्टी सत्ता में आई, गुंडे, अपराधी, मवाली, माफिया, लुच्चे-लफंगे थानों पर कब्जा करके बैठे रहे हैं। इसका गवाह पूरा उत्तर प्रदेश रहा है। लखनऊ प्रदेश की राजधानी है।

समाजवादी पार्टी के अनुषांगिक संगठन लोहियावाहिनी के गुंडों ने हजरतगंज के सी0ओ0 को गाड़ी के बोनट पर टांग कर पूरे लखनऊ में घुमाया था और एस0एस0पी0 के बंगले में घुसा दिया था।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में जब एक नेता बनता है, तो उसके पीछे बड़ी लंबी प्रक्रिया होती है। लेकिन जब ठोकर खाकर वह गलत रास्ते पर चला जाता है तो आने वाली पीढियां भी उस पर दुःखी होती हैं। हमारे पूर्वज भी स्वर्ग में दुःखी होते हैं। उन्होंने लोहिया जी, बाबा साहब डॉ0 आंबेडकर, डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं0 दीनदयाल उपाध्याय जी का उदाहरण देते हुए कहा कि सबसे कमजोर वर्ग का उत्थान इन सभी का एक समान ध्येय था। उन्होंने सपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि कांच पर अगर पारा चढ़ा दें तो वह आईना हो जाता है और अगर किसी को आईना दिखा दो तो उसका पारा चढ़ हो जाता है। सपा सरकार में इसी सदन के बाहर पचासों गाडियों में बंदूकधारी मौजूद रहते थे। आज प्रदेश सरकार की चुस्त-दुरुस्त कानून-व्यवस्था के भय से अपराधी और माफिया नदारद हैं।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार निष्पक्षता से अपराधियों पर कार्यवाही करती है। वर्ष 2016 के सापेक्ष वर्ष 2021 में डकैती के मामलों में 73.94 प्रतिशत, लूट की घटनाओं में 65.88 प्रतिशत, हत्या के मामलों में 33.95 प्रतिशत तथा बलात्कार के अपराध में 50.66 प्रतिशत की कमी आयी है।