मेरठ से मोदी ने फूंका चुनावी बिगुल

23
मेरठ से मोदी ने फूंका चुनावी बिगुल
मेरठ से मोदी ने फूंका चुनावी बिगुल

भ्रष्टाचारी चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, एक्शन होगा, जरूर होगा। मेरठ से प्रधानमंत्री मोदी ने फूंका चुनावी बिगुल, इंडी गठबंधन पर जमकर किया प्रहार। बोले प्रधानमंत्री, 10 साल में असंभव लगने वाले कार्यों को भी संभव कर के दिखाया है। 10 साल में आपने केवल विकास का ट्रेलर देखा है। तीसरे कार्यकाल के लिए अभी से तैयार कर रहे रोडमैप । हमारी सरकार ने कागजों से 10 करोड़ फर्जी लाभार्थी हटाए। कांग्रेस के एक और देश विरोधी कारनामे को पीएम ने किया उजागर। देश कांग्रेस के रवैये की कीमत आजतक चुका रहा। इंडी गठबंधन ने चौधरी साहब को कभी उचित सम्मान नहीं दिया। मेरठ से मोदी ने फूंका चुनावी बिगुल

मेरठ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भ्रष्टाचारी चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, उसके खिलाफ ऐक्शन जरूर होगा। उन्होंने विपक्षी दल कांग्रेस और इंडी गठबंधन को सीधे निशाने पर लेते हुए कहा कि देश आजतक कांग्रेस और उसके साथियों के रवैये की कीमत चुका है। उन्होंने इंडी गठबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने कभी भी चौधरी चरण सिंह को वो सम्मान नहीं दिया जिसके वो वास्तव में हकदार थे। प्रधानमंत्री मोदी रविवार को मेरठ में गौरव समारोह को संबोधित कर रहे थे।

2014 और 2019 में भी मेरठ से ही की थी चुनावी अभियान की शुरुआत

उन्होंने कहा कि मेरठ की धरती क्रांति और क्रांतिवीरों की धरती है। इस धरती पर बाबा औघड़धाम का आशीर्वाद है। इसने चौधरी चरण सिंह जैसे महान सपूत देश को दिये हैं। हमारी सरकार को उन्हें भारत रत्न देने का सौभाग्य मिला है। पीएम मोदी ने कहा कि मेरठ की इस धरती के साथ मेरा कुछ अलग ही रिश्ता है। उन्होंने बताया कि 2014 में और 2019 में उन्होंने चुनाव अभियान की शुरुआत मेरठ से की थी। अब 2024 के चुनाव की पहली रैली मेरठ में ही हो रही है।

तीसरी महाशक्ति बनते ही दूर होगी देश से गरीबी

2024 का चुनाव विकसित भारत बनाने और देश को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनाने के लिए है। उन्होंने बताया कि भारत जब 2014 में दुनिया में 11वें नंबर की अर्थव्यवस्था था, तब यहां चारों तरफ गरीबी थी। जब भारत पांचवें नंबर पर पहुंचा तब 25 करोड़ देशवासी गरीबी से बाहर निकलने में सफल हुए। मोदी ने कहा कि आपको गारंटी देता हूं जब भारत दुनिया में नंबर तीन पर पहुंचेगा तो देश में गरीबी तो दूर होगी ही लेकिन साथ साथ एक सामर्थ्यवान, सशक्त मध्यम वर्ग देश को नई ऊर्जा देता होगा।

10 साल में विकास का सिर्फ ट्रेलर देखा है

भारत का समय आ गया है। आज भारत में तेजी से आधुनिक इंन्फ्रास्ट्रक्चर के निर्माण पर अभूतपूर्व निवेश कर रहा है। हर सेक्टर में नौजवानों के लिए अनगिनत नये अवसर बन रहे हैं। हमारी सरकार भी तीसरे कार्यकाल की तैयारी में अभी से जुट गई है। हम आने वाले पांच साल का रोडमैप बना रहे हैं। नई सरकार बनने के बाद पहले 100 दिनों में कौन कौन से बड़े फैसले लेने हैं इसपर तेजी से काम चल रहा है। पिछले 10 साल में विकास का मोमेंटम बना वो और तेजी से आगे बढ़ेगा। इन 10 साल में आपने विकास का ट्रेलर ही देखा है, अभी हमें देश को बहुत आगे लेकर जाना है।

असंभव को संभव करके दिखाया है

मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार के 10 साल का रिपोर्ट कार्ड आपके सामने है। इन 10 सालों में ऐसे अनेक काम हुए हैं। जिनको पहले असंभव मान लिया गया था। पीएम मोदी ने कहा कि अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बनेगा ये लोगों को असंभव लगता था। लेकिन राममंदिर भी बना है और हर रोज वहां लाखों लोग दर्शन के लिए जा रहे हैं। कभी वन रैंक वन पेंशन लागू होगा इसकी हमारे सेना के जवानों ने आशा छोड़ दी थी, ये भी असंभव लगता था। हमने न केवल वन रैंक वन पेंशन को लागू किया बल्कि पूर्व सैनिकों को उनके हक का एक लाख करोड़ रुपए से ज्यादा दिया। इसी प्रकार तीन तलाक के खिलाफ एक सख्त कानून भी लोगों को असंभव लगता था। आज तीन तलाक के खिलाफ न केवल कानून बन चुका है। बल्कि हजारों मुस्लिम बहनों की जिंदगी भी बचा रहा है। लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को आरक्षण भी पहले असंभव लगता था, लेकिन नारी शक्ति वंदन अधिनियम आज सच्चाई बन चुका है। इसके अलावा जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 कभी हटेगी, ये भी लोगों को असंभव लगता था। लेकिन अनुच्छेद 370 हटा और जम्मू कश्मीर का विकास अब तेज गति से हो रहा है। यही वजह है कि लोग बीजेपी को 370 सीटों का आशीर्वाद दे रहे हैं।

भ्रष्टाचार पर कार्रवाई कर रहा हूं, इससे कुछ लोग बौखलाए हुए हैं

प्रधानमंत्री ने कहा कि 10 साल में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी लड़ाई शुरू हुई है। हमने सुनिश्चित किया है कि गरीब का पैसा बीच में कोई और न हड़प पाए। हमारी सरकार ने कागजों से 10 करोड़ फर्जी लाभार्थी हटाए हैं। पहले ऐसी सरकार थी जिसका जन्म नहीं हुआ ऐसे लोगों के नाम पर पैसे जाते थे, ऐसे 10 करोड़ नाम मोदी ने हटाने की हिम्मत की। ऐसा करके हमने देशवासियों के पौने तीन लाख करोड़ रुपए गलत हाथों में जाने से बचाए हैं। उन्होंने कहा कि मैं भ्रष्टाचार पर कार्रवाई कर रहा हूं इससे कुछ लोग बौखलाए हुए हैं, वो अपना आपा खो बैठे हैं। मोदी का मंत्र है भ्रष्टाचार हटाओ, और वो कहते हैं भ्रष्टाचारी बचाओ। ये चुनाव इन दो खेमों की लड़ाई है। जब मोदी पूरी ताकत से भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है, तो इन लोगों ने मिलकर इंडी गठबंधन बना लिया है। इन्हें लगता है कि मोदी इनसे डर जाएगा। मेरे लिए मेरा भारत मेरा परिवार है। बड़े बड़े भ्रष्टाचारी आज सलाखों के पीछे हैं। सुप्रीम कोर्ट तक जमानत नहीं मिल रही है। इसलिए कई भ्रष्टाचारियों को कोर्ट के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। आपने टीवी पर देखा होगा कहीं बिस्तर के नीचे से, कहीं दीवारों से तो कहीं वॉशिंग मशीन से नोटों के ढेर निकल रहे हैं। मैं भ्रष्टचारियों पर सिर्फ कार्रवाई ही नहीं कर रहा… मेरी गारंटी है इन भ्रष्टाचारियों और बेइमानों ने जिनका धन लूटा है उसे मैं लौटा भी रहा हूं। हमने भ्रष्टाचारियों की संपत्ति जब्त करके 17 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा, जिनके पैसे गये थे उन्हें वापस लौटा दिया।

कांग्रेस का नया कारनामा किया उजागर

प्रधानमंत्री ने बताया कि आज ही कांग्रेस का एक और देश विरोधी कारनामा देश के सामने आया है। तमिलनाडु में भारत के समुद्री तट से कुछ दूर श्रीलंका और तमिलनाडु के बीच में समुद्र में एक द्वीप है। ये सुरक्षा की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है। देश आजाद हुआ तब ये हमारे पास था। लेकिन कांग्रेस ने चार-पांच दशक पहले कह दिया कि ये द्वीप फालतू और गैर जरूरी है। इसके बाद मां भारती का एक अंग कांग्रेस के लोगों ने काट दिया और भारत से अलग कर दिया। देश कांग्रेस के रवैये की कीमत आजतक चुका रहा है। भारत के मछुआरे मछली पकड़ने के लिए समंदर में जाते हैं और जब इस द्वीप की तरफ जाते हैं तो इन्हें गिरफ्तार कर लिया जाता है। उनकी नाव को कब्जा कर लिया जाता है। ये कांग्रेस के पाप का परिणाम है कि हमारे मछुआरे आज भी सजा भुगत रहे हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी सहित भाजपा और एनडीए के वरिष्ठ नेतागण मौजूद रहे। मेरठ से मोदी ने फूंका चुनावी बिगुल