क्या जनविश्वास यात्रा में सन्नाटा…

119

अम्बेडकर नगर/सहारनपुर/गाजीपुर। अम्बेडकर नगर से निकली जनविश्वास यात्रा मंगलवार को तीसरे दिन गोंडा पहुंची। गोंडा में यात्रा के रथ पर प्रदेश के कानून मंत्री बृजेश पाठक और सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा के साथ अयोध्या के सांसद लल्लू सिंह समेत स्थानीय विधायकगण व नेता उपस्थित रहे। यात्रा का कई स्थानों पर भारी भीड़ ने ढोल नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत हुआ। कानून मंत्री ने कहा कि सभी जानते हैं कि मायावती जी की बसपा को नोटों से चलती है तो सपा मुखिया अखिलेश यादव की सरकार को अपराधी और गुंडे-माफिया चलाते हैं। बिचौलिए चलाते हैं। जबकि बीजेपी की सरकार 24 करोड़ प्रदेशवासियों की आकांक्षाओं से चलती है।


उन्होंने कहा कि हम गांव गांव जाकर अपने लोगों से मिल रहे हैं। हमें जनता का आशीर्वाद दे रही है। आज यूपी में कानून का राज है, गरीब, वंचित और समाज के सभी वर्गों के लोग मुख्यधारा से जुड़े हैं। समाज के अंतिम पायदान पर खड़ा व्यक्ति भी सरकार में अपनी भागीदारी समझता है।  2017 में हमारे गठबंधन ने 325 से अधिक सीटें जीती थीं। इस बार हम उससे अधिक सीट जीत करके सरकार बनाएंगे।उन्होंने कहा कि जनता ने सपा, बसपा, कांग्रेस सबका राज देखा है, इस बार चुनाव में सभी मिलकर लड़ रहे हैं। सबकी मंशा बीजेपी को हराने की है, जनता को हराने की है, प्रजातंत्र को हराने की है लेकिन जनता का आशीर्वाद बीजेपी के पास है।

 भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाली जा रही जनविश्वास यात्रा का सहारनपुर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। ग्राम कोटा और गागलहेड़ी में जनविश्वास यात्रा के स्वागत कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए पंचायती राज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता को तय करना है उन्हें राष्ट्रवादी सोच की सरकार चाहिए या जिन्नावादी सोच के लोग चाहिये। उन्होंने कहा कि यदि समाजवादी सरकार होती तो जनपद में माँ शाकुम्भरी देवी विश्वविद्यालय की स्थापना नही होती क्योंकि जिन्नावादी सोच में शिक्षा की अहमियत नही है। उस सोच के लोग सरदार पटेल की तुलना जिन्ना से करते हैं, सरदार पटेल ने इस देश को एक किया जबकि जिन्ना के कारण देश का बंटवारा हुआ और लाखों लोग विस्थापित हुए। आपको ये तय करना है कि बंटवारे वाले लोगों की सरकार चाहिए या देश को मजबूत करने वाली राष्ट्रवादी सरकार चाहिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने गुंडे माफियाओ को जेल भेज कर गुंडाराज का प्रदेश से खात्मा किया और आज प्रदेश में बहन बेटियां सुरक्षित हैं।जनविश्वास यात्रा में प्रमुख रूप से आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी, राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, कैराना सांसद प्रदीप चौधरी, अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम, विधायक देवेंद्र निम, बृजेश सिंह, महापौर संजीव वालिया, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व विधायक राजीव गुम्बर, जगपाल सिंह क्षेत्रीय उपाध्यक्ष के के शुक्ला सहित बड़ी संख्या मे जनसमूह उपस्थित रहा।

गाजीपुर से निकली भाजपा की जन विश्वास यात्रा मंगलवार को तीसरे दिन चंदौली जनपद में गाजीपुर के रास्ते दाखिल हुई। जन विश्वास यात्रा का नेतृत्व केंद्रीय राज्य मंत्री श्री कौशल किशोर और प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल ने किया। यात्रा सकलडीहा विधानसभा के चहनियां क्षेत्र में पहुंची। यहां पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर जन विश्वास यात्रा का जोरदार स्वागत किया।केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर ने कहा जन विश्वास यात्रा का मकसद जनता के बीच जाना और जनता का भरोसा जीतना है और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जन जन को अवगत कराना है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि अखिलेश जी की सरकार के कारनामों से जनता वाकिफ है। उनके चहेतों की गुंडागर्दी, माफियाराज, दंगाराज और लूटतंत्र ने केवल प्रदेश गरीबों, वंचितों, पिछड़ों और दलितों के हक को लूटने का ही काम किया है। आज जनता को बीजेपी पर विश्वास है इसलिए अखिलेश जी का मनोबल गिरा हुआ है। इसलिए वे अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं।अखिलेश की सरकार ने पूरे पांच साल में प्रदेश में केवल 18000 आवास दिए। डबल इंजन की सरकार ने 42 लाख से ज्यादा आवास देने का काम किया है। हमारी सरकार ने गरीब कल्याण पैकेज दिया। अखिलेश जी की सरकार ने केवल जनता के हक पर डाका ही डाला था। 2017 के बाद प्रदेश का माहौल बदला है। उन्होंने कहा कि जनता जानती है कि अगर बीजेपी की सरकार न होती तो मुफ्त राशन, मुफ्त में इलाज की सुविधा भी न मिलती।