जेपी नड्डा का कार्यकाल बढ़ा
जेपी नड्डा का कार्यकाल बढ़ा

जेपी नड्डा का कार्यकाल बढ़ा

जेपी नड्डा को कार्यकाल विस्तार मिलने पर सीएम योगी ने दी बधाई। राष्ट्रीय अध्यक्ष के कुशल मार्गदर्शन में पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल एक वर्ष बढ़ाए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें बधाई दी है। बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में शामिल होने नई दिल्ली गये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट करके जेपी नड्डा को बधाई दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा कि जेपी नड्डा के कुशल व आत्मीय मार्गदर्शन में हम सभी ‘सेवा ही संगठन’ भाव को आत्मसात करते हुए भाजपा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने हेतु संकल्पित हैं। बता दें कि बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में राजनाथ सिंह ने जेपी नड्डा के कार्यकाल को बढ़ाने का प्रस्ताव रखा था, जिसे कार्यकारिणी द्वारा स्वीकार कर लिया गया। इसके साथ ही अब 2024 के लोकसभा चुनाव तक जेपी नड्डा ही बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहेंगे

 ‘हिमाचल प्रदेश में भले ही भाजपा चुनाव हार गई, लेकिन गुजरात की जीत ने पार्टी का मनोबल बढ़ा दिया। ये पार्टी और सरकार के बीच बेहतर तालमेल का नतीजा था। यही कारण है कि हिमाचल प्रदेश में मिली हार को पार्टी के दिग्गज नेताओं ने भूलते हुए नड्डा को इसका इनाम दिया। नड्डा ने अपने कार्यकाल के दौरान सरकार और पार्टी के बीच अच्छे रिश्ते बनाए।’

यह भी पढ़ें – नए सत्र से संचालित होगें अटल आवासीय विद्यालय

 जेपी नड्डा, अमित शाह और प्रधानमंत्री मोदी का कॉम्बिनेशन काफी ठीक चल रहा है। नड्डा ने जनवरी 2020 में भाजपा अध्यक्ष के तौर पर कार्यभार संभाला था। तब दिल्ली और फिर बिहार में चुनाव हुए थे। दिल्ली में भाजपा को बुरी हार मिली थी, जबकि बिहार चुनाव में भाजपा ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया था और नीतीश कुमार के साथ मिलकर सरकार बनाई थी। जेपी नड्डा की अगुआई में भी भाजपा ने मध्य प्रदेश में फिर से सरकार बनाई। मणिपुर में भी ऐसा ही हुआ था। इसके बाद 2021 में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए थे। जिनमें दो राज्यों में भाजपा की सरकार बनी। पश्चिम बंगाल में भी भारतीय जनता पार्टी का प्रदर्शन काफी बेहतर हो गया। भाजपा तीन से सीधे 77 सीटों पर पहुंच गई। 2022 में सात राज्यों में चुनाव हुए और इनमें से पांच पर भारतीय जनता पार्टी को जीत मिली।

भाजपा में राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव प्रदेश संगठनों के चुनाव के बाद होता है। नियम के अनुसार अगर 50 प्रतिशत राज्यों में संगठन का चुनाव हो गया है तो राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव कराया जा सकता है। एक राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकाल तीन वर्ष के लिए होता है। नड्डा ने 2020 में पार्टी की कमान संभाली थी। इस साल जनवरी में उनका कार्यकाल खत्म हो रहा था। जिसे अब जून 2024 तक बढ़ा दिया गया है।भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जी के कार्यकाल विस्तार पर प्रदेश के सभी कार्यकर्ताओं की ओर से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बधाई व शुभकामनाएं दी।


प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने बधाई एवं शुभकामनाओं के साथ कहा कि श्री नड्डा जी के नेतृत्व में प्रदेश के सभी कार्यकर्ता सेवा ही संगठन के भाव-पथ पर चलते हुए हर एक बूथ को राष्ट्रीय भावना से प्रदीप्त करने हेतु प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन आपकी अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करते हुए प्रत्येक अभियान, कार्यक्रम तथा संगठनात्मक योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जी के नेतृत्व में पार्टी ने नई ऊचाइंयों को छुआ है। श्री नड्डा जी के नेतृत्व में पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई पुनः सबका साथ-सबका विकास व सबका विश्वास की नीति, केन्द्र सरकार की उपलब्धियां व ऐतिहासिक निर्णय सतत संपर्क-संवाद के माध्यम से जनता तक पहुंचाने तथा सेवा व समर्पण का मूल मंत्र लेकर कार्य करने के लिए तत्पर है। प्रदेश भाजपा संगठन माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के नेतृत्व में प्रत्येक लक्ष्य को प्राणार्पण से जुटकर प्राप्त करेगा।

जेपी नड्डा का कार्यकाल बढ़ा